हमें राष्ट्र की संपत्ति को स्वयं की संपत्ति समझकर सुरक्षा करनी चाहिए : प्राचार्य ,गणतंत्र दिवस पर विद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम

शनिवार को मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल में 76वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में स्कूल अध्यक्ष संदीप दहिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। एन.सी.सी विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रगान व परेड कर मुख्य अतिथि का सम्मान किया गया। स्कूल प्राचार्य रविंद्र कुमार द्वारा महापुरुषों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के चित्रों पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए गए और देश में अमन व शांति के लिए प्रार्थना की गई। स्कूल में विशेष सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से देश की एकता व अखंडता, आपसी सहयोग और सैनिकों की शौर्य गाथाओं की झलक देश भक्ति गीतों नृत्य, समूह गान, लघु नाटिका, भाषण और कविताओं की सुंदर प्रस्तुतियों से दिखाई गई। विद्यालय के अध्यक्ष संदीप दहिया ने गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें राष्ट्र की संपत्ति को स्वयं की संपत्ति समझकर सुरक्षा करनी चाहिए।
प्राचार्य रविंद्र कुमार ने वंदे मातरम के नारे और मौलिक अधिकारों को याद दिलाते हुए प्रत्येक नागरिक को स्वतंत्र होने का एहसास दिलाते हुए कहा कि दृढ़ निश्चय व पूर्ण मनोयोग से किया गया अनवरत प्रयास सार्थक व सफल होता है। स्कूल प्रशासक वीपी शर्मा और मुख्य समन्वयक सुरेंद्र कुमार ने भी बच्चों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि मौलिक अधिकार राष्ट्र के लिए 'रीढ़ की हड्डी' के समान कार्य करते हैं। इस मौके पर स्कूल के सभी अध्यापक गण मौजूद रहे।