हरियाणा के सीएम मुख्यमंत्री ने कहा कैलेंडर बनाकर भर्ती करेंगे, स्थाई के अलावा कौशल निगम में भी भर्ती होगी महिलाओं को 5 साल से पहले देंगे ₹2100 पढ़ें पहला इंटरव्यू

हरियाणा में साढ़े 9 साल की सत्ता विरोधी दिख रही लहर के बीच अचानक भाजपा के लिए 'नायक' बनकर उभरे नायब सिंह सैनी ने मुख्यमंत्री के रूप में अपना दूसरा और पार्टी का तीसरा कार्यकाल शुरू कर दिया है। उन्होंने अपने चुनाव पूर्व के 6 माह के छोटे कार्यकाल के समय पकड़ी रफ्तार को रिकॉर्ड बहुमत के साथ कायम रखा। रविवार को करवा चौथ के दिन उन्होंने चार प्रशासनिक बैठकें कीं। बैठकों के बीच-बीच में वह मुख्यमंत्री आवास कबीर कुटिया पर आए लोगों से भी मिलते रहे। इस बीच सैनी ने दैनिक भास्कर से भाजपा की चौंकाऊ जीत, कांग्रेस की हार, रोजगार सहित तमाम सवालों के जवाब दिए। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया जारी रहेगी। कैलेंडर बनाकर भर्तियां करेंगे। स्थायी के अलावा हरियाणा कौशल रोजगार निगम में भर्तियां होंगी। महिलाओं को 5 साल से पहले ₹2100 भी देंगे।
पार्टी ने 2 लाख नौकरियों का वादा कर रखा है। स्थायी पदों जितने ही एचकेआरएन में भर्ती किए है, वादा कैसे पूरा होगा?
हमने शपथ के दिन ही 24 हजार युवाओं को रोजगार दिया, यह हमारा वादा था। पिछली सरकार में भी भर्ती की प्रक्रिया समय पर चल रही थी, लेकिन विपक्ष का भर्ती रोको गैंग सक्रिय था। अदालत में जाकर बाधा डलवा दी जाती। इस बार हम कैलेंडर बनाकर भर्तियां करेंगे। जरूरत अनुसार समय पर भर्ती होगी। हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) में लगे युवाओं के लिए हम यह व्यवस्था कर चुके हैं कि पांच साल पूरा करने वाले हटेंगे नहीं। जहां- जहां पद खाली होंगे, वहां स्थायी नियुक्ति करेंगे और जरूरत हुई तो एचकेआरएन में भी भर्ती होगी।
क्या लग रहा है कि कांग्रेस माहौल होने के बाद भी क्यों पिछड़ गई। क्या सैलजा के बयानों का फायदा मिला ?
कांग्रेस खुद जिम्मेदार है। बस माहौल ही बनाया। कुमारी सैलजा के साथ जो हुआ, उसका यकीनन हमें फायदा हुआ। दलित समाज के लोग खुद आकर हमसे मिले। उन्होंने भरोसा जताया। खुलकर कहा कि हम साथ देंगे। आखिरी सप्ताह में कांग्रेसियों ने जैसी राजनीति की उससे हमें और ज्यादा मजबूती मिली। मेरा आकलन तो 60 सीटों का था, लेकिन रणनीति के तहत हम जीतने वाली सीटों की संख्या पर बात नहीं कर रहे थे।
आपकी प्राथमिकताएं क्या हैं? आज करवा चौथ है। महिलाओं को सम्मान राशि का वादा कब तक पूरा करेंगे?
हमने पांच साल के लिए वादे किए हैं, हम उन्हें हर हाल में पूरा करेंगे। 2100 रुपए महिलाओं को देने के लिए हमें बड़ी वर्किंग करनी है। 2100 रुपए 5 साल से पहले देंगे, हमारा वादा है। लॉ
एंड ऑर्डर, सामाजिक सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। 100 दिन का टारगेट रखा था। 56 दिन काम किया है। 44 दिन तो यही बाकी हैं। आज ही इस पर दो बैठकें की हैं।
* आपका बयान खूब चर्चित रहा। 'सारी व्यवस्था कर ली है, हम जीतेंगे' इस व्यवस्था से आपका क्या मतलब था? हारने के बाद विपक्ष ऐसे हथकंडे अपनाता है। मैंने कहा था हम बहुमत से जीत रहे हैं। हमें कोई दिक्कत नहीं है। व्यवस्था का मतलब था कि जनता हमारे साथ है, हमें किसी की जरूरत नहीं पड़ने वाली।
● मार्च में शपथ लेते ही कहा था कि बदमाश हरियाणा छोड़ दे अब हरियाणा में अमन चैन के लिए क्या कर रहे हैं।
अपराध और नशे की रोकथाम के लिए जितनी सख्ती चाहिए होगी, करेंगे। आज ही नशे को लेकर मीटिंग की है। अपराधियों को या तो हरियाणा छोड़ना होगा या सुधरना होगा।
* भाजपा के कई मंत्री दोबारा चुनाव क्यों नहीं जीत पाते?
ये बात है। कुछ कमियां रहती होंगी। लेकिन यह भी बात है कि हमारे लोग भोले हैं। विपक्ष के झांसे में आ जाते हैं। जनता ने हम पर विश्वास किया है, नए मंत्रियों को उसी के अनुसार मिलकर काम करना है।
लोग कहते हैं मनोहर की टीम का सरकार में दखल है?
कोई दखल नहीं है। विपक्ष जानबूझकर बनाता है। उलटा मैं पीएम, गृहमंत्री, राष्ट्रीय अध्यक्ष से बात करता हूं। मुझे कहा गया है कि जब भी कोई दिक्कत लगे सीधा बात करें। इतनी बड़ी पार्टी है, गाइडेंस लेनी चाहिए। कांग्रेस की तरह अटैची देकर तो मुलाकात नहीं होती।