OpsBreaking

सिरसा से बीजेपी प्रत्याशी रहे रोहताश जांगड़ा गोपाल कांडा के प्रचार में उतरे

सिरसा से बीजेपी प्रत्याशी रहे रोहताश जांगड़ा गोपाल कांडा के प्रचार में उतरे
 
 रोहताश जांगड़ा ,गोपाल कांडा

सिरसा विधानसभा सीट पर हलोपा इनेलो-बसपा गठबंधन के सहारे चुनाव लड़ रहे गोपाल कांडा और भाजपा के समर्थन की अटकलों के बीच सोमवार को भाजपा प्रत्याशी रहे रोहताश जांगड़ा हलोपा के लिए वोट मांगते नजर आए। सोमवार को हलोपा प्रत्याशी ने शहर में डोर टू डोर वोटों की अपील की थी। जिसमें भाजपा प्रत्याशी बनाए गए रोहताश जांगड़ा कांडा बंधुओं के साथ दिखाई दिए। हालांकि अब वे प्रत्याशी नहीं है। कांडा के समर्थन में भाजपा ने उनसे नामांकन वापस करवा दिया था। रोहताश जांगड़ा के अलावा शहर से कोई प्रमुख भाजपाई कांडा के समर्थन में वोट मांगने नहीं आया था। केवल रोहताश जांगड़ा गोपाल-गोबिंद कांडा के साथ वोटों की अपील कर रहे थे। जांगड़ा की ओर से कांडा के लिए वोट मांगने पर यह क्लियर हो गया कि सिरसा सीट पर भाजपा हाईकमान की ओर से कांडा को समर्थन है। जिसकी पुष्टि गोपाल कांडा भी कर चुके हैं। ऐसे में देखने वाली बात यह है कि बाकी के भाजपाई कांडा का साथ देते हैं या नहीं। कांडा के साथ इनेलो बसपा के नेता भी दिखाई दिए। यहां बता दें कि कुछ समय पूर्व इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने बयान दिया था कि अगर कांडा और भाजपा का आपस में समर्थन है तो वे इनेलो बसपा गठबंधन पर पुनः विचार करेंगे।

हलोपा-भाजपा के बीच कब-कब क्या हुआ

* 12 सितंबर को हलोपा प्रत्याशी बयान देते हैं कि सीट जीतने पर भाजपा को समर्थन करके सरकार बनाएंगे। इसके बाद अभय चौटाला ने बयान दिया कि अगर ऐसा है तो हम हमारे इनेलो बसपा गठबंधन पर दोबारा विचार करेंगे।

* 16 सितंबर की सुबह भाजपा प्रत्याशी रोहताश जांगड़ा अपना नामांकन वापस लेकर कांडा को समर्थन की बात कहते हैं

* 16 की शाम को हलोपा प्रत्याशी गोपाल कांडा बयान देते हैं कि हमारा इनेलो बसपा से गठबंधन है। भाजपा से कोई लेना देना नहीं है। मुझे भाजपा के समर्थन देने की भी जानकारी नहीं है।

* 20 सितंबर को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल बयान देते हैं कि सिरसा में हमारा समर्थन हलोपा प्रत्याशी गोपाल कांडा को है।

* 21 सितंबर को हलोपा प्रत्याशी गोपाल कांडा स्वीकार करते हैं कि भाजपा ने हमें समर्थन दिया है। हम भी पांच साल तक एनडीए का हिस्सा रहकर हरियाणा में सरकार को समर्थन दिया था।