OpsBreaking

बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बालिकाओं को पढ़ाने के लिए किया प्रेरित

बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बालिकाओं को पढ़ाने के लिए किया प्रेरित
 
बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 22 जनवरी 2015 में पानीपत से शुरू हुआ बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के 10 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल में राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया गया। इस कार्यक्रम में बच्चों के द्वारा विविध कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में जिला न्यायवादी अनीता नूनीवाल ने मुख्य अतिथि, जिला सूचना अधिकारी सुषमा देशवाल और जिला कार्यक्रम अधिकारी कांता यादव ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। मुख्यातिथि व गणमान्य व्यक्तियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरूआत की गई।

बच्चों द्वारा स्वागत गीत और नृत्य की सुंदर प्रस्तुतियों के द्वारा उनका सम्मान किया गया। स्कूल प्राचार्य रविंद्र कुमार ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बालक एवं बालिका के भेदभाव को त्याग कर सकारात्मक सोच की ओर कदम बढ़ाएं। लड़कियों को अधिक से अधिक शिक्षित करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहें। उन्होंने लड़कियों के लिए मुफ्त शिक्षा समारोह का शुभारंभ भी किया। अनीता नूनीवाल ने स्कूल के बच्चों के उत्कृष्ट परिणाम की सराहना करते हुए उन्हें प्रमाण-पत्र प्रदान किए और अपने भाषण में बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि सन् 2008 में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने इसकी शुरूआत की थी। इसका प्रमुख उद्देश्य लड़कियों को सम्मान अधिकार प्रदान करना है। इसके साथ-साथ लड़कियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कानूनी अधिकार और सम्मान के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना है।


विशिष्ट अतिथि कांता यादव ने उन गांव के सरपंचों को भी सम्मानित किया, जहां लिंगानुपात में भारी बढ़ोतरी हुई है। संस्था के अध्यक्ष संदीप दहिया ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इसी दिन नारी शक्ति की पर्याय इंदिरा गांधी ने प्रथम बार प्रधानमंत्री का पद भार संभाला था, जो नारी गौरव को बढ़ाता है।


स्कूल प्रशासक वीपी शर्मा और मुख्य समन्वयक सुरेंद्र कुमार ने भी लड़कियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में संस्था समिति के द्वारा मुख्य अतिथि को पुष्प गुच्छ व स्मृति चिन्ह भेंट कर धन्यवाद किया गया।