ऐलनाबाद विधानसभा : कप्तान मीनू बैनीवाल की टिकट कटना भी अभय के लिए नुकसानदायक रहा

इनेलो का गढ़ कहे जाने वाले ऐलनाबाद हलके में चौथी बार चुनाव लड़ रहे अभय चौटाला कांग्रेस के भरत सिंह बैनीवाल से बड़े अंतर से चुनाव हार गए। इसका प्रमुख कारण रहा कि पहली बार अभय चौटाला के सामने आमने-सामने का मुकाबला था। अब तक पीछे हुए चुनाव में तिकोना मुकाबला होने के कारण अभय सिंह आसानी से चुनाव जीत जाते थे। इस बार भाजपा ने कमजोर प्रत्याशी उतारा। इसका लाभ भरत सिंह बैनीवाल को मिला। वहीं सबसे अहम कारणों में यह रहा कि कांग्रेस ने यहां साबित कर दिया कि अभय सिंह भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। इनेलो को भाजपा की बी टीम को रूप में प्रचारित किया गया। इसके अलावा भाजपा की टिकट के दावेदार रहे कप्तान मीनू बैनीवाल की टिकट कटना भी अभय के लिए नुकसानदायक रहा।
भरत सिंह की बैनीवाल जीत के प्रमुख कारण : चौटाला परिवार का सबसे सुरक्षित गढ़ ऐलनाबाद हलके में 15 साल बाद अभय चौटाला को कांग्रेस प्रत्याशी भरत सिंह बैनीवाल ने हराया है। भरत सिंह बैनीवाल ने जनता के बीच में बताया कि यह उनका आखिरी चुनाव है। उन्होंने लोगों से भावुक अपील करते हुए अपनी झोली फैलाकर वोट मांगे। उन्होंने बताया कि अभय सिंह को बार बार एक सीट जिताने के कारण ही हलका विपक्ष में रह जाता है। सरकार में हिस्सा नहीं होने के कारण विकास नहीं होता। वहीं भाजपा प्रत्याशी अमीर चंद को 13320 वोट मिले।