OpsBreaking

जहां मेरिट पर सबसे अधिक नौकरी मिली उसी गांव में हारी बीजेपी, इनेलो को बढ़त

जहां मेरिट पर सबसे अधिक नौकरी मिली उसी गांव में हारी बीजेपी, इनेलो को बढ़त
 
इनेलो

भाजपा ने इनेलो और कांग्रेस सरकारों पर पर्ची खर्ची के आरोप लगाते हुए मेरिट के आधार पर नौकरी हरियाणा में शुरू की। जिस गांव रिसालिया खेड़ा में सबसे अधिक नौकरी मिली है उसी गांव में बीजेपी हार गई है। यहां इनेलो को बढ़त मिली वहीं कर्मचारियों के वोट सबसे अधिक कांग्रेस के पक्ष में आए हैं। चौटाला गांव में सबसे अधिक इनेलो को वोट मिले जबकि जजपा यहां तीसरे नंबर पर रही है।

डबवाली में 8 वर्ष पहले पहली बार आए पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इनेलो और कांग्रेस सरकारों पर पर्ची खर्चा से नौकरी के आरोप लगाए थे और यहां से ईमानदारी से मेरिट के आधार पर नौकरी देने की शुरुआत की थी। इसके बाद सबसे अधिक करीब 100 कर्मचारी गांव रिसालिया खेड़ा से मेरिट के आधार पर भर्ती हुए हैं लेकिन इसी गांव में भाजपा को जीत नहीं मिली है। यहां सबसे अधिक वोट इनेलो को और दूसरे नंबर पर कांग्रेस व तीसरे पर जजपा को वोट मिले हैं। डबवाली के पोस्टल वोट कांग्रेस को सबसे अधिक मिले हैं। इनमें भी 4 ने नोटा अपनाया है जबकि 199 वोट रद्द हुए हैं। यहां शहर के सभी 39 बूथ पर इनेलो कहीं जीत नहीं पाई। शहर में 37 पर कांग्रेस और 2 बूथों पर जजपा आगे रही है। शहरी वोटरों ने नोटा का भी गांवों के मुकाबले

ज्यादा प्रयोग किया है।

किसको कितने मिले वोट

डबवाली में कुल 1 लाख 63 हजार 132 मतदाताओं ने वोट किया। जिसमें 856 नोटा का इस्तेमाल किया है। विजेता आदित्य चौटाला को 56 हजार 74 जबकि दूसरे नंबर पर रहे अमित सिहाग को 55 हजार 464, तीसरे नंबर पर जजपा के दिग्विजय चौटाला को 35 हजार 261 तथा चौथे नंबर पर भाजपा के बलदेव मांगेआना को 7 हजार 139 और 5वें नंबर पर रहे आप प्रत्याशी को 6 हजार 606 वोट मिले हैं। इसी प्रकार 6वें नंबर पर नोटा रह्य जबकि 7वें पर आजाद राजेश कुमार 480, खेमचंद 282, गुणीत 270, गुलजारी लाल 199, कुलबीर इंसा 108, दानाराम 101 व अंकित को 93 वोट मिले हैं।

जानिए... कैसे चला राउंड वार परिणाम


दरअसल पहले राउंड से कांग्रेस प्रत्याशी आगे बने रहे। पहला और दूसरा राउंड पूरे शहरी बूथ जबकि तीसरा राउंड शहर व आसपास के गांवों का रहा। जिसमें पहले तीनों राउंड में कांग्रेस प्रत्याशी को सबसे अधिक वोट मिले और दूसरे नंबर पर इनेलो व तीसरे पर जजपा, चौथे पर भाजपा व ऽवें पर आप प्रत्याशी रहे। हालांकि चौथे राउंड में इनेलो प्रत्याशी को कांग्रेस से अधिक वोट मिले लेकिन 5वें व छठे राउंड में कांग्रेस प्रत्याशी को फिर ज्यादा वोट मिले। इसके बाद 7 वें राउंड से अंतिम 16वें राउंड तक लगातार इनेलो के वोट ज्यादा निकलते रहे। जजपा को किसी भी राउंड में सबसे ज्यादा वोट नहीं मिले। शहर से मिली कांग्रेस प्रत्याशी की 7 हजार की लीड लगभग 10वें राउंड के दौरान आधी हो गई। यहां से गांव चौटाला, गंगा, गोरीवाला, रामगढ़ व कालुआना में इनेलो के बढ़े वोट से कांग्रेस की लीड खत्म हो गई। इसके बाद रिसालिया व बनवाला गांवों से अच्छे वोट मिलने पर अंतिम 2 राउंड में इनेलो प्रत्याशी की जीत हुई।