डबवाली से चंडीगढ़ रूट पर आज से एक और रोडवेज चलेगी, पंजाब होकर जा सकेंगे यात्री चंडीगढ़

डबवाली शहर से चंडीगढ़ राजधानी मुख्यालय तक जाने के लिए रोडवेज बस का नया रूट आज से शुरू होगा। इसके तहत हरियाणा रोडवेज रोजाना डबवाली से चलकर पंजाब होकर चंडीगढ़ पहुंचेगी और दोपहर बाद चंडीगढ़ से चलकर रात को वापस डबवाली शहर में पहुंच जाएगी। इसकी शुरुआत आज बस स्टैंड से हरी झंडी दिखाकर की जाएगी।
रोडवेज सब डिपो डबवाली से शुक्रवार को अल सुबह 6 बजकर 5 मिनट पर डबवाली से चंडीगढ़ के लिए बस रवाना होगी। पहले चौटाला से चंडीगढ़ रूट परमिट की बस चलती थी जो कोरोना काल में बंद कर दी गई थी। अब यह डबवाली से चंडीगढ़ तक अप डाउन चलेगी। रोजाना सुबह 6:05 पर डबवाली बस स्टैंड से चलने के बाद सवा 12 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी और दोपहर 1 बजकर 5 मिनट पर वापस डबवाली के लिए रवाना होगी। रात 7 बजकर 20 मिनट पर डबवाली वापस पहुंचेगी। डबवाली से बठिंडा रोड पर पंजाब में वाया बठिंडा, संगरूर, धनोला, बरनाला, पटियाला, जिरकपुर होकर हरियाणा रोडवेज चंडीगढ़ तक चलेगी और इसी पंजाब रूट से वापस लौटेगी। इसके लिए चालक
जयर्वेदर कुमार और परिचालक हसन कुमार की ड्यूटी लगाई गई है। उल्लेखनीय है पिछले सप्ताह सिरसा में कष्ट निवारण समिति की बैठक में आए रोडवेज मंत्री अनिल विज के सामने हरियाणा बीज विकास निगम चेयरमैन देवकुमार शर्मा ने बंद पड़ी रोडवेज बस का मुद्दा उठाया था। जिसके बाद अब हरियाणा रोडवेज शुरू की जा रही है। इस बारे में टीएम सुधीर कुमार, ड्यूटी इंस्पेक्टर जगसीर सिंह व एस एस रतन लाल ने बताया कि यात्रियों की मांग पर नई बस सुविधा शुरू की जा रही है। चौटाला से चंडीगढ़ बस सुविधा चंडीगढ़ डीपो की है जो अभी बंद है। शुक्रवार को चेयरमैन सहित अन्य गणमान्यजन हरी झंडी दिखाकर इसे रवाना करेंगे।
बस में हैप्पी कार्ड और हरियाणा के यात्रियों को मिलेगी छूट
हरियाणा रोडवेज बस के शुरू होने से पंजाब में जाने वाले हरियाणा के यात्रियों को हैप्पी कार्ड से छूट की सुविधा मिलेगी वहीं, चंडीगढ़ तक आने जाने के लिए भी हैप्पी कार्ड से किराया माफी योजना का लाभ ले सकेंगे। यात्रियों को हरियाणा सरकार की ओर से दी जाने वाली विभिन्न पास में अन्य छूट पंजाब रोडवेज बस में नहीं मिलती है। इसलिए अब हरियाणा रोडवेज बस में पंजाब के रूट पर सुविधा मिलेगी। जिससे पंजाब और चंडीगढ़ के शहरों में आने जाने वालों को इसका लाभ मिलेगा।