OpsBreaking

Today gold rate:सोना पहली बार ₹77 हजार पार, 12 महीने में 30% रिटर्न दिया, इक्विटी से 8 फीसदी ज्यादा

Today gold rate:सोना पहली बार ₹77 हजार पार, 12 महीने में 30% रिटर्न दिया, इक्विटी से 8 फीसदी ज्यादा
 
Gold rate today

सोना आज पहली बार 77 हजार रुपए से ऊपर निकल गया। देश में 24 कैरेट सोने की औसत कीमत 600 रुपए बढ़कर 77,410 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई। कमोडिटी विश्लेषकों का अंदाजा है कि अगले साल जून तक सोना 85 हजार तक जा सकता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना पहली बार 2,700 डॉलर प्रति आउंस से ऊपर निकल गया। आईबीजेए के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल अब तक इसकी कीमत 14,164 रु. और 12 महीनों में 18,127 रुपए बढ़ चुकी है। इसका मतलब है कि एक साल में गोल्ड का रिटर्न 30.6% रहा है। इसी दौरान सेंसेक्स का रिटर्न 22.27% रहा।

एक हफ्ते में सोना 2,500 रुपए से ज्यादा महंगा हो गया। 24 कैरेट सोना 10 अक्टूबर को 74,830 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था।

17 अक्टूबर 2023 को देश में 24-कैरेट सोने की औसत कीमत 59,283 रुपए थी। अभी यह 77,410 रुपए प्रति 10 ग्राम है।


आगामी महीनों में तेजी थमने के आसार कम

केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया के मुताबिक मौजूदा हालात को देखते हुए आगामी कुछ महीनों में सोने में तेजी थमने के आसार नहीं हैं। ब्याज दरें घटने से डॉलर की कमजोरी बड़ी वजह है। देश में भी सोने की डिमांड इतनी ज्यादा है कि 2018-19 से लेकर 2023-24 के बीच सोने का आयात 45% से ज्यादा बढ़ गया। दिवाली से पहले सोना 80 हजार तक जा सकता है। सोना जून 25 तक 85 हजारी हो सकता है।

दुनिया में ब्याज दरें घटने से सभी बाजारों में उछाल

पैराडाइम कमोडिटी एडवाइजर्स के संस्थापक बीरेन वकील के मुताबिक अमेरिका, यूरोप, ब्रिटेन और चीन में ब्याज दरें घट रही हैं। इससे इन बड़े देशों में कैश की सप्लाई बढ़ गई है। सोने, इक्विटी और रियल एस्टेट समेत सभी बाजारों में उछाल देखा जा रहा है। अमेरिका में 5 नवंबर को राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे आएंगे। 7 को अमेरिकी केंद्रीय बैंक लगातार दूसरी बार दरें घटा सकता है। यदि डोनाल्ड ट्रंप जीते तो अनिश्चितता बढ़ेगी। सोना और महंगा होगा।