कच्चा तेल 21% सस्ता, लेकिन छह माह से नहीं घटे पेट्रोल-डीजल के दाम

कच्चे तेल के दामों में लगातार कमी के बीच पेट्रोलियम सेक्रेटरी पंकज जैन ने गुरुवार को संकेत दिया है कि लंबे समय तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम नरम बने रहते हैं, तो ऑइल मार्केटिंग कंपनियां पेट्रोल-डीजल सस्ता कर सकती हैं।
सरकार की तरफ से पहली टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब कच्चे तेल के दाम तीन साल के निचले स्तर पर हैं और संभावना है कि सरकार डीजल- पेट्रोल के दामों में फिर कटौती कर सकती है। आखिरी बार लोकसभा चुनाव से पहले 15 मार्च 2024 को पेट्रोल-डीजल के दाम 2-2 रुपए प्रति लीटर कम किए गए थे। अब कच्चा तेल भी सस्ता हुआ है और हरियाणा- जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव भी हैं। इसके बाद महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में उम्मीद है कि चुनाव से पहले दाम घटाए जा सकते हैं
पेट्रोल 10 और डीजल 6 से 8 रुपए सस्ता करने की गुंजाइश
पेट्रोलियम मंत्रालय के ही पेट्रोलियम प्लानिंग एंड एनालिसिस सेल (पीपीएसी) के डेटा की मानें तो छह महीने में इंडियन बास्केट में कच्चे तेल के दाम 20.61% नीचे आए हैं। अप्रैल में यह 89.44 डॉलर/बैरल थे, जो अब घटकर 71 डॉलर प्रति बैरल रह गए हैं। इसके विपरीत 30 महीने में पेट्रोल-डीजल के दाम 2 बार ही घटे हैं।
तेल कंपनियों ने हर लीटर की रिफाइनिंग पर 6.50 रु. कमाए तेल कंपनियों ने रिफाइनरी मार्जिन से जोरदार कमाई की है। केयर रेटिंग्स की मानें तो 2022-23 में कंपनियों ने एक बैरल तेल की रिफाइनरी पर 18 डॉलर (9.57 रु./लीटर) कमाई की। 2023-24 में यह रिफाइनरी मार्जिन प्रति लीटर 6.50 रु./लीटर रहा। कंपनियां इस साल भी मार्जिन से खासा मुनाफा बनाने वाली हैं।
तेल कंपनियां आधे मार्जिन का लाभ भी दे तो राहत मिले
जानकार कहते हैं छह माह के आधे मार्जिन का लाभ तेल कंपनियां दें तो पेट्रोल 10 रुपए, डीजल 6 से 8 रुपए लीटर सस्ता करने की गुंजाइश है। केयर रेटिंग्स के अनुसार वित्त वर्ष 2023-24 में 26.15 करोड़ टन कच्चे तेल की रिफाइनिंग की गई। यह 10-12 डॉलर/बैरल यानी 6.5 रु./लीटर के मुनाफे पर की गई थी।
पिछले छह माह में इंडियन बास्केट में कच्चा तेल
सितंबर
71.00
अगस्त 78.27
जुलाई 84.15
जून 84.15
मई 83.62
अप्रैल 89.44
(दाम डॉलर/बैरल)
33.58 करोड़ को फायदा
* देश में 27 करोड़ टू-व्हीलर, 58 लाख भारी वाहन, 6 करोड़ निजी वाहन हैं। कटौती का सीधा फायदा इतने लोगों को होगा। मालभाड़ा कम होने से चीजों के दाम घटेंगे।
दीपावली और चुनावी गिफ्ट पेट्रोल-डीजल में पिछली कटौती मार्च 2024 में होली पर हुई थी। उसके बाद ही लोकसभा चुनाव हुए। अभी फिर त्योहारी सीजन शुरू हो चुका है। इसी महीने चुनाव भी हैं। अगले महीने दीपावली है। दाम घटते हैं, तो यह दीपावली और चुनावी गिफ्ट होगा।