{"vars":{"id": "115716:4831"}}

Weather Alert: दिल्ली समेत इन राज्यों में 20 जून तक भीषण गर्मी का अलर्ट! इन इलाकों में होगी भारी बारिश

 

Weather Alert: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में लू और तापमान में वृद्धि के कारण लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कई शहरों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है। कूलर और पंखे फेल होने के बाद अब एसी भी कभी-कभी इस भीषण गर्मी के आगे हार मान जाते हैं। उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में 18 जून से 19 जून तक लू चलने का अनुमान है। वहीं, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में आज (18 जून) लू चल सकती है। 17 जून को प्रयागराज में अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस और उच्च हिमालय में स्थित नुब्रा में 26.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में कोई बदलाव नहीं होने का अनुमान जताया है। इसके बाद तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है। हालांकि, मध्य और पूर्वी भारत अगले तीन दिनों तक तेज गर्मी से जूझता रहेगा और उसके बाद कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

दिल्ली में मौसम का हाल

दिल्लीवासियों को जल्द ही भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 19 और 20 जून को बूंदाबांदी हो सकती है। 45 डिग्री तापमान में झुलस रहे राजधानी के लोगों को अब मानसून का इंतजार है। आज लू का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

अधिकतम तापमान 45 और न्यूनतम तापमान 34 डिग्री रहेगा। 19 और 20 को हल्की बूंदाबांदी के बावजूद अधिकतम तापमान 43 डिग्री पर बना रहेगा। 21 से 23 जून तक तेज हवाएं चलेंगी और आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे। इस बीच अधिकतम तापमान 43 और न्यूनतम तापमान 33 डिग्री रहने का अनुमान है।

बिहार-झारखंड का मौसम

वहीं, अगले 2 दिनों के दौरान गंगीय पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही 20 और 21 जून 2024 को ओडिशा में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।

पंजाब और हरियाणा भी तप रहे हैं

पंजाब और हरियाणा की बात करें तो 18 से 21 जून तक लू चलने का येलो और ऑरेंज अलर्ट है। इस दौरान यहां भी आंधी-तूफान आने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस दौरान तेज हवाएं चलने का भी अनुमान जताया है।

इन राज्यों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5 दिनों के दौरान गुजरात राज्य, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में गरज के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। 18 से 21 जून के दौरान मध्य महाराष्ट्र के कोंकण और गोवा और घाट इलाकों और गुजरात के कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

19 जून से मुंबई में बारिश की गतिविधियां तेज हो जाएंगी। कर्नाटक, केरल और माहे, लक्षद्वीप में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बूंदाबांदी हो सकती है।